• Thu. Oct 1st, 2026

चंपावत गैंगरेप मामले में कांग्रेस का फूटा गुस्सा, देवपुरा चौक पर फूंका भाजपा सरकार का पुतला

हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार)चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की हृदयविदारक घटना और इस मामले में एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी के खिलाफ हरिद्वार जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।

 

महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर एकत्रित होकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर प्रदेश की कानून व्यवस्था को महिला सुरक्षा के मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार दिया।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज उत्तराखंड की बेटियां उन्हीं के राज में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तराखंड वर्तमान में हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामले में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है, जो देवभूमि की छवि पर एक गहरा कलंक है। उन्होंने चेतावनी दी कि उत्तराखंड की जनता इस स्थिति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

वहीं, उत्तराखंड महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को सजा दिलाने में की जा रही देरी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि इस मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो पार्टी पूरे राज्य में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights