बहादराबाद (आरसी / संदीप कुमार) भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत, ब्लॉक बहादराबाद की राम धाम कॉलोनी में महान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने सावरकर के गौरवमयी जीवन, उनके राष्ट्रप्रेम, अदम्य साहस, त्याग और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को अपने शब्दों में पिरोया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को महान क्रांतिकारियों के संघर्षों और उनके आदर्शों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और स्थानीय नागरिकों ने सावरकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का ध्येय युवाओं के भीतर राष्ट्र के प्रति प्रेम, सम्मान और सामाजिक जागरूकता की भावना को प्रगाढ़ करना है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे, युवा और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
![]()
