• Thu. Oct 1st, 2026

बहादराबाद पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब, जनता पूछ रही—सप्लाई चेन का मास्टरमाइंड कौन?

बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार) हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध एक और कार्रवाई की है। पुलिस ने दीप पब्लिक स्कूल के पास से एक तस्कर को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद से ही क्षेत्र में जनता का आक्रोश और सवाल भी सामने आने लगे हैं।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर गठित टीम ने गश्त के दौरान दीप स्कूल के पास घेराबंदी की और पप्पू चौहान निवासी कस्बा बहादराबाद को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 34 क्वाटर रॉयल स्टैग व्हिस्की, 12 क्वाटर आई.बी. व्हिस्की और 2 हाफ आई.बी. व्हिस्की बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह शराब इस क्षेत्र तक कहाँ से और किसके माध्यम से पहुँच रही है। निवासियों का मानना है कि पकड़ा गया व्यक्ति तो केवल एक छोटा जरिया हो सकता है, लेकिन इस नशे के कारोबार के पीछे मुख्य सप्लायर और बड़े गिरोहों का हाथ है। जनता का सीधा कहना है कि अगर पुलिस वाकई बहादराबाद को नशामुक्त करना चाहती है, तो उसे सिर्फ छोटे तस्करों को पकड़ने के बजाय नशे की इस पूरी सप्लाई चेन को खत्म करना होगा।

लोगों का यह भी तर्क है कि जब तक पुलिस उन गोदामों और अवैध अड्डों का भंडाफोड़ नहीं करेगी जहाँ से यह शराब तस्करी होकर आती है, तब तक नशे का यह चक्र नहीं टूटेगा। अब क्षेत्र की जनता यह उम्मीद कर रही है कि पुलिस इस मामले में गहन छानबीन करेगी और उन चेहरों को बेनकाब करेगी जो परदे के पीछे से इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहे हैं। फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि पुलिस अपनी अगली कार्यवाही में इस कड़ी तक कैसे पहुँचती है।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights