• Thu. Oct 1st, 2026

झबरेड़ा में रोजगार का महा-अवसर: 3 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, 300 युवाओं को मिलेगी नौकरी

हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। जनपद में बेरोजगारी दूर करने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला आगामी तीन जुलाई  को देव फार्म हाउस, झबरेड़ा में प्रातः साढ़े दस बजे से शुरू होगा।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने जानकारी दी कि इस मेले के माध्यम से लगभग 300 रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा, जिसमें सिडकुल (हरिद्वार) और रुड़की क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयाँ प्रतिभाग करेंगी। इस रोजगार मेले में इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.फार्मा, एम.फार्मा, स्नातक एवं परास्नातक योग्यता रखने वाले युवा शामिल हो सकते हैं। मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसका उत्तराखंड राज्य का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।

जिला सेवायोजन कार्यालय ने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने समस्त मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र, प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्र, सेवायोजन कार्यालय का पंजीकरण कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ देव फार्म हाउस, झबरेड़ा पहुँचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे के बीच जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार से संपर्क कर सकते हैं।

 

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights