• Sat. Jul 4th, 2026

ख़बर का असर: रुड़की के शांतरशाह में सालों से जमा कूड़े के अंबार पर चली जेसीबी, ग्रामीणों को मिली राहत

Byआर सी

Jul 4, 2026 #Cdo

रुड़की (आरसी / संदीप कुमार) खबर अलर्ट की मुहिम का बड़ा असर देखने को मिला है। रुड़की ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बड़ेढी राजपूताना के गांव शांतरशाह में सालों से सड़क किनारे जमा कूड़े के अंबार को आखिरकार प्रशासन और ग्राम पंचायत की सक्रियता से हटा दिया गया है। बरसों से फैली गंदगी और उससे उठने वाली सड़न भरी बदबू से परेशान ग्रामीणों ने इस सफाई अभियान के बाद राहत की सांस ली है।

फ़ाइल फ़ोटो

बीती 22 जून को खबर अलर्ट ने प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया था कि गांव की भूमि पर बना कूड़े का अंबार न केवल बीमारियों को न्योता दे रहा है, बल्कि राहगीरों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। खबर के प्रकाशन के बावजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई सुध नहीं ली गई, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब खबर अलर्ट ने रुड़की ब्लॉक के संबंधित ग्राम सचिव और बीडीओ से फोन के माध्यम से जानकारी लेनी चाही, तो किसी ने भी कॉल उठाना उचित नहीं समझा। इसके बाद खबर अलर्ट ने बुधवार को ‘शांतरशाह में कूड़े का अंबार, लाड साहब अधिकारी नहीं उठाते फोन’ शीर्षक से मामले को फिर प्रमुखता से उजागर किया।

सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा हरिद्वार फ़ोटो

दूसरी तरफ, इसी दौरान 22 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार ललित नारायण मिश्रा ने कलेक्ट्रेट में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुपालन के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की थी। इसमें उन्होंने सभी नगर निकायों और खंड विकास अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजनाएं तैयार करें, घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें और खुले में कचरा फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं। सीडीओ ने स्पष्ट किया था कि कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर उनका तत्काल निस्तारण किया जाए।

खबर अलर्ट द्वारा मामले को दोबारा उजागर किए जाने के बाद सीडीओ ललित नारायण मिश्रा ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को सख्त निर्देश जारी किए। सीडीओ की सख्ती के बाद हरकत में आए ग्राम प्रधान ने मौके पर जेसीबी मंगवाई और कूड़े के ढेर को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर गांव के बाहर भिजवा दिया। बरसों बाद इस सफाई से ग्रामीणों में तो खुशी है, लेकिन वे विभाग की कार्यशैली पर सवाल भी उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऊपर से सख्त आदेश आने और खबर चलने के बाद ही प्रशासन जागता है, वरना आम आदमी की समस्याओं के प्रति विभाग हमेशा ढीला रवैया ही अपनाता है। बहरहाल, खबर अलर्ट की सार्थक पहल के बाद अब शांतरशाह की सड़क कूड़े के ढेर से मुक्त हो गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights