हरिद्वार (आरसी/संदीप कुमार) जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश की अवधि को एक दिन और बढ़ा दिया है। अब जनपद में कल, शुक्रवार को भी सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने हरिद्वार के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए आज की तरह ही कल शुक्रवार को भी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार के जोखिम से बचाया जा सके। यह आदेश जनपद के समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर समान रूप से लागू होगा।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित संस्थान प्रशासन के इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और नदी-नालों के जलस्तर में हो रही वृद्धि के मद्देनजर नदी तटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
![]()
