• Sat. Jul 11th, 2026

खेत में खड़ी गन्ने की फसल पर चला ट्रैक्टर, विरोध करने पर किसान को मिली जान से मारने की धमकी

Byआर सी

Jul 11, 2026

बहादराबाद (हरिद्वार): कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भौंरी में दबंगई और फसल बर्बादी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ दो नामजद आरोपियों ने रात के अंधेरे में एक किसान के खेत में घुसकर ट्रैक्टर और रोटावेटर से खड़ी गन्ने की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। जब पीड़ित किसान ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।

पीड़ित किसान सोरण  ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम भौंरी मौजा पंचायनपुर में स्थित है, जिसमें उन्होंने गन्ने की फसल बो रखी थी। रविवार की रात के तीसरे पहर शांतरशाह निवासी जहांगीर  और एजाज  ने अपने ट्रैक्टर व रोटावेटर से उनकी फसल को रौंद दिया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान तुरंत अपने खेत पर पहुंचे और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

किसान का आरोप है कि जब उन्होंने फसल नष्ट करने से रोका, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने धमकी दी कि वे फसल के साथ-साथ उन्हें भी मारकर खेत में दफन कर देंगे। पीड़ित के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन में दी ।

घटना के दुसरे दिन मंगलवार को पीड़ित ने कोतवाली बहादराबाद में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

फ़िलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights