बहादराबाद (हरिद्वार): हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में डीपीएस कॉलेज दौलतपुर के पास गंग नहर में अपनी एक वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कूदी विवाहिता के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने मृतिका के पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार को नहर से महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सरिता के साथ रविवार को बुलेट मोटरसाइकिल से उसे मायके रायपुर दरेढ़ा छोड़ने जा रहा था। रास्ते में डीपीएस कॉलेज, दौलतपुर के पास पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान सरिता ने अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ मोटरसाइकिल रुकवाई और गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम द्वारा नहर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
मृतिका के भाई भूपेंद्र कुमार ने बहादराबाद थाने में दी गई तहरीर में ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार, सरिता का विवाह लगभग 4 वर्ष पूर्व को अर्जुन के साथ हुआ था। मायके वालों का आरोप है कि विवाह में लगभग आठ लाख रुपये खर्च किए गए थे और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल भी दी गई थी। इसके बावजूद अर्जुन, उसके पिता, माता और ससुराल पक्ष की अन्य महिलाएं कार की मांग को लेकर सरिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
भाई भूपेंद्र ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व, शनिवार रात लगभग नौ बजे सरिता ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसके और उसकी बेटी के साथ मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। अगले दिन रविवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे अर्जुन ने फोन कर बताया कि सरिता ने बेटी के साथ नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। मायके वालों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि अर्जुन द्वारा जानबूझकर नहर में धक्का देने की साजिश करार देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
बहादराबाद कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतिका के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बुधवार को नहर से महिला का शव बरामद हो गया है, बच्ची की तलाश जारी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
![]()
