• Sun. Sep 20th, 2026

चर्चा: पतंजलि योगपीठ के पास कांवड़ मेले में मनमानी और सुरक्षा में सेंध, आखिर कब जागेगा प्रशासन?

बहादराबाद(आरसी/संदीप कुमार)। पवित्र सावन मास के दौरान एक ओर जहां पूरा क्षेत्र शिवमय है और चारों तरफ ‘बोल बम’ के जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पतंजलि योगपीठ के पास से गुजरने वाले हाईवे के किनारे लगे कांवड़ मेले में फैली अव्यवस्थाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस मेले में कई दुकानें बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं, जिन पर किसी भी वस्तु की कोई रेट लिस्ट चस्पा नहीं की गई है। इसके चलते दुकानदारों द्वारा कांवड़ियों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, जिससे भोले के भक्तों में रोष व्याप्त है।

दुकानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जो श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से भी दुकानों पर कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। खाद्य सामग्री तो दुकानों पर गैस सिलेंडर से बनाई जा रही हैं मगर अग्निशामक यंत्रों की अनुपस्थिति किसी भी आपात स्थिति में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि हाईवे के किनारे चल रहे इस खेल से सब कुछ वाकिफ होने के बावजूद संबंधित विभाग पूरी तरह खामोश और उदासीन बना हुआ है। स्थानीय लोगों और प्रबुद्धजनों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि कांवड़ मेले पर तत्काल कड़ी निगरानी रखी जाए, अवैध दुकानों और मनमानी पर लगाम लगाई जाए तथा रेट लिस्ट चस्पा करना अनिवार्य किया जाए, ताकि सावन माह का यह पवित्र महीना पूरी तरह सकुशल संपन्न हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights