• Wed. Aug 5th, 2026

कांवड़ यात्रा में सेवा का फर्ज निभा रहे मुस्लिम युवक अरमान, दोनों एसएसपी कर चुके हैं सम्मानित

Byआर सी

Aug 5, 2026

हरिद्वार (आरसी/संदीप कुमार) धर्म और जातियों की दीवारों से परे इंसानियत की एक ऐसी खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जो समाज को जोड़ने का काम कर रही है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह चौकी पर एसपीओ  के रूप में तैनात 21 वर्षीय मुस्लिम युवक अरमान इन दिनों अपनी निस्वार्थ कांवड़ सेवा और देशप्रेम की मिसाल के चलते चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।

कांवड़ यात्रा 2025 में तात्कालिक हरिद्वार पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोभाल अरमान को सम्मानित करते हुए

कांवड़ मेले के दौरान शांतरशाह चौकी क्षेत्र में हाईवे पर हाथ में माइक थामे अरमान लगातार कांवड़ियों को दिशा-निर्देश देते नजर आ जाते हैं। उनकी आवाज गूंजती है कि अपने सामान का विशेष ध्यान रखें, निर्धारित मार्ग पर ही चलें, और छोटे कांवड़ियों का विशेष ध्यान रखें। भले ही समाज के कुछ हिस्सों में धर्म और संप्रदाय के नाम पर दूरियां बढ़ाने की कोशिशें होती हों, लेकिन अरमान जैसे युवा इस गैप को अपने सेवाभाव से भरने का काम कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति या अचानक व्यवस्था बिगड़ने पर जब पुलिस मौके पर पहुंचती है, तो अरमान सबसे आगे खड़े होकर हर संभव मदद का हाथ बढ़ाते हैं।

ख़बर अलर्ट से बातचीत में जब अरमान से पूछा गया कि वह यह काम क्यों करते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि मानव सेवा ही मेरा असली धर्म है और सबको मानव सेवा में ही अपना जीवन बिताना चाहिए।

अरमान की इस बेदाग और निष्काम सेवा का लोहा जिले के आला अधिकारी भी मान चुके हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए पिछले साल जिले के तत्कालीन पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने उन्हें एसएसपी कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया था। इस कांवड़ यात्रा के दौरान भी उनके समर्पण और कार्यों को देखते हुए वर्तमान हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने उन्हें अपने कार्यालय आमंत्रित कर सम्मानित किया है। आज अरमान की यह सेवा पूरे हरिद्वार जिले में मानवता, भाईचारे और साम्प्रदायिक सद्भाव की एक बेहतरीन और प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights