• Mon. Aug 31st, 2026

मदरसे से लौट रहे 9 साल के मासूम पर ईंट से हमला, विरोध करने पर विधवा मां से घर में घुसकर मारपीट बहादराबाद पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज।

Byआर सी

Aug 30, 2026

बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार) हरिद्वार जनपद के थाना बहादराबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बढ़ेड़ी राजपूतान में पूर्व रंजिश के चलते एक नौ साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल बच्चे को गंभीर रूप से घायल किया, बल्कि विरोध करने पर विधवा महिला के घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता और मारपीट भी की।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की शाम करीब चार बजे की है। ग्राम बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी विधवा महिला मुर्सिदा  का 9 वर्षीय पुत्र अर्श मदरसे से पढ़ाई पूरी कर अपने घर वापस लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही रहने वाले तसलीम, वारिश, फुरकान  ने बच्चे के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब मासूम अर्श ने इसका विरोध किया, तो आरोपी तसलीम गुस्से में आ गया और पास ही पड़ी ईंट उठाकर अर्श के सिर पर दे मारी।

ईंट लगने से बच्चे के सिर से खून बहने लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर जब मां मुर्सिदा बाहर आई तो उसने अपने बेटे को अचेत अवस्था में पाया। वह तुरंत बच्चे को उठाकर अपने घर ले गई और आरोपी तसलीम से इसका कारण पूछा।

जब महिला ने आरोपी से पूछताछ की, तो तसलीम के भाई वरीस और फुरकान भी वहां आ पहुंचे। उन्होंने आते ही गालियां देनी शुरू कर दीं और जबरदस्ती घर में घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ धक्का-मुक्की की और अश्लील हरकतें कीं। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को बचाया। जाते-जाते आरोपी मां-बेटे को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घायल अवस्था में परिजन बच्चे को पहले जिला सरकारी अस्पताल हरिद्वार लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच के बाद सिर में पांच टांके लगाए। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल, देहरादून के लिए रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित महिला का कहना है कि आरोपी पक्ष उनसे पहले से रंजिश रखता है और इसी रंजिश के तहत एक राय होकर इस साजिश को अंजाम दिया गया है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में लिप्त रहे हैं।

पीड़िता की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights