• Sat. Sep 5th, 2026

बढ़ेडी राजपूतन ग्राम पंचायत में फर्जी फर्मों के जरिए सरकारी धन के गबन का मामला, डीपीआरओ मुस्तफा खान ने दिए जांच के आदेश

Byआर सी

Sep 4, 2026

हरिद्वार (आरसी/ संदीप कुमार) रूड़की विकास खंड के अंतर्गत आने वाली गाँव पंचायत बढ़ेडी राजपूतन में विकास कार्यों के नाम पर फर्जी बिल लगाकर बड़े पैमाने पर सरकारी धन के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जांच की तारीख तय कर दी है।

गाँव शान्तरशाह निवासी रविन्द्र सैनी, सावन कुमार आदि  द्वारा जिला पंचायतराज अधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत बढ़ेडी राजपूतन के ग्राम प्रधान और संबंधित पंचायत सचिव पर  षड्यंत्र रचकर सरकारी बजट का अवैध आहरण करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में बताया गया है कि भुगतान के लिए ऐसी फर्मों के फर्जी बिल और वाउचर लगाए गए हैं, जिनका जीएसटी पंजीकरण या तो भुगतान की अवधि से पहले ही निरस्त हो चुका था या फिर उनका कोई अस्तित्व ही नहीं था।

विशेष तौर पर एक निर्माण एवं सप्लायर फर्म का हवाला देते हुए कहा गया है कि वह फर्म पूरी तरह निरस्त और अवैध है।इसके बावजूद उसके नाम पर कूटरचित बिल लगाकर भुगतान हासिल किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना भौतिक कार्य कराए या मानक के विपरीत कार्य दिखाकर फर्जी खातों के माध्यम से लाखों रुपये डकारे गए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले में संलिप्त फर्मों के भुगतानों और बैंक खातों की तकनीकी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान, हरिद्वार ने 22 अगस्त  को आदेश जारी किया है। इसके तहत ग्राम पंचायत बड़ेड़ी राजपूतन के प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे समस्त अभिलेखों के साथ तैयार रहें।

इस पूरे प्रकरण की स्थलीय एवं अभिलेखी जांच शनिवार को ग्राम पंचायत बढ़ेडी राजपूतन के पंचायत भवन में जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा स्वयं की जाएगी। इस जांच में शिकायतकर्ता रविन्द्र सैनी और सावन कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को साक्ष्यों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद पंचायत स्तर पर और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights