• Sun. Oct 25th, 2026

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय

हरिद्वार(आर सी/संदीप कुमार) कांवड़ यात्रा को सरल, सुखद और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मैदान में उतर रहे हैं और कांवड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहे हैं।

शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैरागी कैंप में पार्किंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रोन के माध्यम से पार्किंग में वाहनों की स्थिति का आकलन करते हुए निर्देश दिए कि सड़कों पर वाहन खड़े न हों और उन्हें व्यवस्थित ढंग से पार्क किया जाए ताकि निकासी में कोई असुविधा न हो। उन्होंने सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट से शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल और पार्किंग क्षेत्र की स्वच्छता के बारे में जानकारी ली। साथ ही, नगर निगम के कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार नियमित सफाई सुनिश्चित करने और अस्थाई दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद, जिलाधिकारी ने रोड़ीबेलवाला पार्किंग क्षेत्र का दौरा किया, जहां जल संस्थान की राइजिंग मेन लीकेज के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने लाइन की मरम्मत और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाकर देर रात तक सड़क को सुचारू करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र में तैनात मजिस्ट्रेट पेयजल, स्वास्थ्य, शौचालय और बिजली जैसी सुविधाओं पर निरंतर नजर रख रहे हैं। किसी भी समस्या के उत्पन्न होने पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित सूचना आदान-प्रदान कर समाधान किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वयं इस ग्रुप की निगरानी कर कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सचिव एचआरडीए मनीष सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओम जी गुप्ता, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट डीके चंद, जोनल मजिस्ट्रेट डॉ. विकास ठाकुर, सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल न केवल आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए उनकी सराहना भी कर रहे हैं, ताकि कांवड़ यात्रा सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights