• Thu. Mar 26th, 2026

सरकारी शिक्षा की बदहाली के खिलाफ सोशल ब्लू फ्रंट का हल्ला बोल, 21वें दिन भी जारी रहा धरना

Byआर सी

Mar 26, 2026

रुड़की (आरसी / संदीप कुमार) रुड़की के रविदास घाट पर सरकारी विद्यालयों की दुर्दशा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सोशल ब्लू फ्रंट (ब्लू आर्मी) का आंदोलन गुरुवार को भी पूरी उग्रता के साथ जारी रहा। संगठन के इस संघर्ष को आज कुल 21 दिन पूरे हो चुके हैं, जबकि रविदास घाट पर धरने का यह 5वां दिन था। इस दौरान आंदोलन को हरिद्वार के विभिन्न सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का भी पुरजोर समर्थन प्राप्त हुआ।

कार्तिक टम्टा फ़ोटो

धरने का नेतृत्व कर रहे सोशल ब्लू फ्रंट के संस्थापक कार्तिक टम्टा ने प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “आज भी हमारे बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा और उचित स्कूल भवनों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़कों पर बैठना पड़ रहा है। जनता के टैक्स का पैसा आखिर कहाँ जा रहा है? जब तक सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित नहीं होती, हम पीछे नहीं हटेंगे। यह हमारे बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है।”

दीपक सेठपुर भीम आर्मी जय भीम संगठन के नेता

वहीं, धरने को समर्थन देने पहुंचे भीम आर्मी जय भीम संगठन के नेता दीपक सेठपुर ने सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि आज के डिजिटल युग में भी छात्रों को 15 से 20 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ रहा है। सरकार शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा दे रही है और सरकारी तंत्र को जानबूझकर पंगु बनाया जा रहा है। भीम आर्मी इस संघर्ष में पूरी तरह साथ है और हम ईंट से ईंट बजा देंगे।”

इस अवसर पर कार्यकर्ता सागर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। धरने को हरिद्वार के कई अन्य सामाजिक संगठनों और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी लगातार सहयोग और समर्थन मिल रहा है, जिससे आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है। प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो इस आंदोलन को और भी व्यापक रूप दिया जाएगा।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights