• Tue. May 5th, 2026

साहस और खिदमत का संगम जब कलियर के जांबाज गोताखोरों ने मौत को दी शिकस्त

Byआर सी

May 4, 2026

पिरानकलियर (आरसी / संदीप कुमार) रविवार के दिन पिरान कलियर स्थित गंगनहर घाट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरनगर के नगला बुजुर्ग से आए एक परिवार के लिए रविवार की छुट्टी उस समय चिंता में बदल गई जब उनका बेटा वासिफ गंगनहर में नहाते समय अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। घाट पर नहाते वक्त वासिफ का हाथ सुरक्षा चेन से फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में डूबने लगा। युवक को डूबता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।

चीख-पुकार सुनकर घाट पर तैनात जल पुलिस के गोताखोर राधेश्याम और स्थानीय गोताखोर दानिश पुत्र मेहरबान ने अदम्य साहस का परिचय दिया। बिना एक पल गंवाए दोनों ने उफनती गंगनहर में छलांग लगा दी और कड़े संघर्ष के बाद डूब रहे वासिफ को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया। पिरान कलियर पुलिस द्वारा युवक को सुरक्षित हालत में उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

अपने बेटे को मौत के मुँह से सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। परिजनों ने पुलिस प्रशासन और गोताखोर टीम की तत्परता की जमकर सराहना की और उनका तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। इस साहसिक कार्य के लिए जल पुलिस के जवान राधेश्याम और स्थानीय निवासी दानिश की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घाटों पर नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights