• Thu. May 7th, 2026

इमली खेड़ा में खेल के मैदान पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर पंचायत की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों को थमाया नोटिस

Byआर सी

May 7, 2026

रुड़की (आरसी / संदीप कुमार) नगर पंचायत इमलीखेड़ा में खेल के मैदान पर अवैध कब्जे और गंदगी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड नंबर छह की सभासद प्रियंका ने खेल के मैदान की बदहाली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए नगर पंचायत को अपने लेटरहेड पर एक लिखित शिकायत दी है। अपनी शिकायत में सभासद ने अवगत कराया कि गांव के ही कुछ लोगों ने खेल के मैदान को कूड़ाघर और तबेले के रूप में तब्दील कर दिया है। वहां जगह-जगह कूड़ा और गोबर डालकर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिसकी वजह से गांव के बच्चों का भविष्य और उनका खेल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मैदान की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बच्चे वहां खेल नहीं पा रहे हैं और उन्हें खेलने के लिए सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

इस गंभीर मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अध्यक्ष ने पुष्टि की कि उन्हें सभासद की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और नगर पंचायत प्रशासन खेल के मैदान को बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा उन लोगों को चिन्हित कर लिया गया है जो मैदान में गंदगी फैला रहे हैं और वहां गोबर डालकर अतिक्रमण कर रहे हैं। प्रशासन ने इन सभी व्यक्तियों को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। मनोज सैनी ने सख्त लहजे में कहा कि सार्वजनिक जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और बहुत जल्द इस जमीन को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराकर बच्चों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights