रुड़की(आरसी / संदीप कुमार) अंतरराष्ट्रीय रविदास धाम ट्रस्ट के संस्थापक और अध्यक्ष, वरिष्ठ समाजसेवी योगेश कुमार पर शुक्रवार को हुए जानलेवा हमले के कई घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी न होने पर ट्रस्ट ने रविवार को गहरा रोष व्यक्त किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर एसपी देहात रुड़की को एक मांग पत्र सौंपा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

शनिवार को ट्रस्ट ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि, हमले के दो दिन बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे समाज में भारी आक्रोश है। इस दौरान मौके पर मोनू राणा, सीताराम अम्बेडकर, सोमपाल सिंह नयाल, शिवकुमार गोतम, भीम आर्मी से लोकेश कटारिया और सोनू लाठी सहित कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रमुख मांगें:
* तत्काल गिरफ्तारी: ट्रस्ट ने जोर देकर कहा कि हमले के 48 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे समाज में भारी रोष है।
* सुरक्षा की मांग: योगेश कुमार की अच्छी खासी प्रतिष्ठा है और वह रविदास धाम सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
* जल्द चार्जशीट: दर्ज मुकदमे की चार्ज शीट जल्दी से जल्दी न्यायालय में भेजी जानी चाहिए।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
एसपी देहात ने दी गिरफ्तारी की सूचना
दूसरी ओर, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कोतवाली रुड़की पहुंचकर बताया कि मामले के दो मुख्य आरोपी गिरफ़्तार कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शेष गिरफ्तारी भी जल्द ही कर ली जाएगी और स्थिति नियंत्रण में है। प्रथम दृष्टया, यह हमला पूर्व में हुए झगड़े के कारण बदले की भावना से किया गया बताया गया है। सुरक्षा की मांग पर विचार किया जाएगा।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि एक वरिष्ठ समाजसेवी पर इस तरह का जानलेवा हमला कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
![]()
