• Sun. Oct 25th, 2026

कामयाबी: 10 करोड़ की ड्रग्स जब्त, तस्कर ईशा गिरफ्तार, पति फरार

देहरादून (आर सी/संदीप कुमार)। उत्तराखंड पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में संयुक्त अभियान के तहत 10.23 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की MDMA (मेथाएमफेटामाइन) ड्रग्स बरामद की है। इस अभियान में 22 वर्षीय ईशा, पत्नी राहुल कुमार, निवासी पम्पापुर, बनबसा, चंपावत को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं परिक्षेत्र, रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर चंपावत और पिथौरागढ़ पुलिस ने नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी रखी। पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के नेतृत्व में टीमों ने सूचना संकलन, सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर यह सफलता हासिल की।

ऐसे पकड़ में आई महिला तस्कर

शनिवार तड़के, पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर वंदना वर्मा, एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण, और थाना बनबसा के प्रभारी सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में एक 14 सदस्यीय पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान, एक महिला को काला पिट्ठू बैग लेकर शारदा नहर की ओर भागते देखा गया। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर तलाशी लेने पर बैग से MDMA बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से पुष्टि होने के बाद, महिला को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में ईशा ने स्वीकार किया कि ड्रग्स उसके पति राहुल कुमार और उनके सहयोगी कुनाल कोहली द्वारा 27 जून को पिथौरागढ़ से लाई गई थी। राहुल कुमार और कुनाल कोहली दोनों वर्तमान में ठाणे, मुंबई में एक मामले में वांछित हैं। पुलिस की सक्रियता के कारण महिला इन ड्रग्स को शारदा नहर में फेंकने जा रही थी।

बरामद ड्रग्स: MDMA क्या है?

MDMA, जिसे ‘मौली’, ‘एक्स्टसी’ या ‘वाइट पाउडर’ के नाम से भी जाना जाता है, एक सिंथेटिक ड्रग है। यह मेथाम्फेटामाइन और कोकीन जैसे उत्तेजक पदार्थों के समान प्रभाव डालती है। बड़े शहरों और क्लबों में यह महंगे ड्रग्स के विकल्प के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। चंपावत पुलिस ने अकेले 2024 में चार करोड़ से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के लिए, आई.जी. कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने पुलिस टीम को बीस हजार के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस अब गिरफ्तार महिला के पति राहुल कुमार और कुनाल कोहली की तलाश कर रही है। इसके साथ ही, ड्रग्स के स्रोत और नेपाल व नाइजीरियाई नेटवर्क से उनके संबंधों की गहन जांच की जा रही है।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights